शत्-प्रतिशत मतदान और मताधिकार का उपयोग करने लोगों को दिया संदेश,महिलाओं ने बनाई मानव श्रृंखला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत आज लगभग 500 स्कूली बच्चों और स्वसहायता समूह की महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर शत् -प्रतिशत मतदान और मताधिकार का उपयोग करने लोगों को संदेश दिया। मतदाता जागरूकता के तहत जिलेभर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। गरियाबंद के गांधी मैदान में महिला और बच्चों ने मिलकर मतदाता जागरूकता रैली निकाली। यह रैली इंडोर स्टेडियम में पहुंचने केे पश्चात मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया।

महिला और बच्चों ने गरियाबंद जिले के नक्शे को मानव श्रृंखला के रूप में प्रदर्शित किया। साथ ही शत-प्रतिशत वोट का भी मानव श्रृंखला निर्माण किया। महिला समूहों ने चुनई तिहार शब्द को मानव श्रृंखला के रूप में प्रदर्शित कर लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया। इसके तहत छात्र -छात्राओं ने लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जोड़वाने का आह्वान किया। इसके अलावा इंडोर स्टेडियम में ईव्हीएम मशीन भी प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से लोगों को मॉकपोल और वोटिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव, अपर कलेक्टर अविनाश भोई, संयुक्त कलेक्टर  नवीन भगत, उप संचालक पंचायत श्रीमती पदमनी हरदेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इसके अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने और संशोधन करने कार्य किया जा रहा है। उन्होंने 01 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों से भी अपना नाम मतदाता सूची में जोड़वाने की अपील की। साथ ही विवाह करके अपने ससुराल आये नवविवाहितों को भी नए जगह पर अपना नाम सूची में जोड़वाने की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा ने गरियाबंद के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित ईवीएम, वीवीपीएटी वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीलबंद वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वेयरहाउस में सीसीटीवी के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। निरीक्षण के दौरान सभी सुरक्षा व्यवस्था सही पाए गए। कलेक्टर ने वेयरहाउस में रखे गए निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षा के लिए निरंतर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल सहित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी एवं अन्य पार्टी के प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button