स्कूटी की डिक्की से 75 लाख कैश बरामद, हवाला कनेक्शन की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर पुलिस ने एक स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में राशि हवाला लेन-देन से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने स्कूटी चालक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला आजाद चौक थाना अंतर्गत समता कॉलोनी क्षेत्र का है।
नाकेबंदी में फंसा कलेक्शन एजेंट
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी की रात समता कॉलोनी में सटोरियों की धरपकड़ के लिए एमसीपी प्वाइंट लगाकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एनजे 8956 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे कपड़े के थैले से 75 लाख रुपये नकद बरामद हुए। वाहन सवार युवक ने अपना नाम मिलन शर्मा (25) बताया, जो पेशे से कलेक्शन एजेंट है और वर्तमान में समता कॉलोनी में रह रहा था।
हवाला नेटवर्क की जांच
पूछताछ में वह रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और टीम को गुमराह करने लगा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक्टिवा जब्त कर लिया। मोबाइल फोन की जांच कर हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी खंगाली जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि आरोपी मूलतः राजस्थान का निवासी है और पिछले पांच वर्षों से रायपुर में रहकर कलेक्शन एजेंट का कार्य कर रहा था। 27 फरवरी की रात भी वह शहर के विभिन्न इलाकों से रकम कलेक्ट कर समता कॉलोनी पहुंचा था।
आयकर विभाग को सौंपा मामला
आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। अब आयकर विभाग नगद राशि के स्रोत और लेन-देन की विस्तृत जांच कर रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। हवाला से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है। स्कूटी की डिक्की से इतनी बड़ी नकदी बरामद होने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
दो स्कॉर्पियो में मिले 6 करोड़ 60 लाख कैश, सीट और डिग्गी में छिपाए थे नकदी, आयकर विभाग करेगा कार्रवाई











