छुरा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक गाय से टकराई, खेत में गिरा चालक, युवक की मौत, साथी घायल,

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– छुरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना छुरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सतवीर कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरियाणा फिरोजपुर झिरखा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह अपने साथी प्रमोद सेरावत (22 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल से अपने काम पर निकले थे। दोनों युवक छुरा विकासखंड में निजी कृषि दवाइयों के प्रचार-प्रसार और क्रय-विक्रय के कार्य कर रहे थे। शुक्रवार को वे उड़ीसा के नुआपाड़ा से निजी कार्य निपटाकर वापस लौट रहे थे।
बम्हनी गांव के पास हुआ हादसा
इसी दौरान बम्हनी गांव के पास एक मोड़ पर अचानक सड़क पर गाय आ जाने से बाइक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और दोनों गाय से टकरा गए। टक्कर और झटके इतने तेज थे कि सतवीर कुमार सड़क से नीचे गहरे खेत में जा गिरे और उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हादसे के दौरान प्रमोद सेरावत मोटरसाइकिल से उछलकर सड़क पर गिर गए, जिससे उन्हें सामान्य चोटें आईं।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल प्रमोद को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है। वहीं सतवीर कुमार को डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को मर्च्यूरी शिप्ट कर दी। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
बताया गया है कि सतवीर कुमार एक निजी कंपनी में ऑर्गेनिक खेती से जुड़े कार्य में ग्रुप लीडर के पद पर कार्यरत थे और 1 दिसंबर से लगातार छुरा क्षेत्र में सक्रिय थे। वे किसानों से लगातार संपर्क में रहते थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन हरियाणा से छुरा के लिए रवाना हो चुके हैं।
CHC में प्रिजर्वेटिव सिस्टम की मांग
इस घटना के बाद एक और गंभीर मुद्दा सामने आया है। छुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव सुरक्षित रखने के लिए प्रिजर्वेटिव सिस्टम उपलब्ध नहीं होने के कारण शव को पूरी रात सामान्य स्थिति में ही रखा गया। क्षेत्रवासियों और चिकित्सकों का कहना है कि विकासखंड स्तर पर शव संरक्षण की सुविधा का अभाव बड़ी समस्या है। खासकर सड़क हादसों और आकस्मिक मौतों के मामलों में काफी परेशानियों होती है। लोगों ने प्रशासन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र प्रिजर्वेटिव सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग : गाँव में एक ही दिन में मिले दो शव, ग्रामीण सहमे, परिवारों में पसरा मातम











