रिहायशी इलाके में भीषण आग: 9 मकान जलकर खाक, बाल-बाल बचे लोग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बीती रात रिहायशी इलाके में भीषण आगजनी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मस्तूरी क्षेत्र में जोंधरा चौक के पास स्थित यादव आरा मिल के पीछे बने रिहायशी मकानों की एक चाल में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में एक साथ जुड़े 9 मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

9 मकान जलकर खाक

जानकारी के अनुसार, चोलाराम यादव की चाल में कई किरायेदार परिवार लंबे समय से रह रहे थे। शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक बंद मकान में अचानक आग लग गई, जहां रहने वाला युवक उस समय बाहर गया हुआ था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य परिवारों को सतर्क किया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सभी लोग समय रहते अपने घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, अफरा-तफरी के बीच लोग अपने घरों से सामान नहीं निकाल सके और घरेलू सामान पूरी तरह जल गया।

देखते ही देखते आग ने पूरी चाल को अपनी चपेट में ले लिया। लकड़ी और कच्ची छतों के कारण आग तेजी से फैलती गई और कुछ ही देर में पूरी बस्ती आग की लपटों में घिर गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सभी मकान पूरी तरह जल चुके थे।

प्रभावित परिवारों को हुआ नुकसान

इस भीषण आगजनी से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से आग को आसपास के अन्य मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना में भले ही जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। प्रशासन ने शनिवार सुबह मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन करने की बात कही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग: नवरात्रि से पहले घटारानी धाम में भीषण आग, 8-9 दुकानें जलकर खाक, 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान की आशंका-VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button