थप्पड़ से था गुस्सा, बदला लेने हथौड़ा लेकर पहुंचा और कर दी हत्या; आरोपी गिरफ्तार, CCTV में कैद पूरी वारदात-VIDEO
हथौड़े से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नाबालिग ने थप्पड़ मारे जाने का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया। मामला बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता (35) के रूप में हुई है। वह आरपीएफ कॉलोनी में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर था। बताया गया कि नरेश गुप्ता मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला था और करीब दो साल से बिलासपुर में रहकर रेलवे ठेकेदार की कंस्ट्रक्शन साइट पर सुपरवाइजर एवं चौकीदारी का काम कर रहा था।
खून से लथपथ मिली लाश

जानकारी के अनुसार बुधवार रात रोज की तरह काम खत्म करने के बाद नरेश ने कंस्ट्रक्शन साइट के गेट पर ताला लगाया और अपने क्वार्टर में सोने चला गया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे साइट पर काम करने वाले कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने नरेश को आवाज लगाई और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारी गेट कूदकर अंदर पहुंचे। वहां कमरे के पास नरेश की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। घटना की सूचना तत्काल ठेकेदार और पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी ने खोला हत्या का राज
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक हथौड़ा लेकर भागता हुआ नजर आया। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध तक पहुंची। पूछताछ में नाबालिग ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
बारिश का पानी बना विवाद की वजह
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी और वह साइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े नरेश के ऊपर साइकिल से बारिश का पानी छिटक गया। इस बात को लेकर नरेश उसके पीछे गया और रास्ते में रोककर उसे तीन थप्पड़ मारे। पुलिस के अनुसार, थप्पड़ मारे जाने से नाबालिग खुद को अपमानित महसूस करने लगा और उसने बदला लेने की ठान ली।
रात में हथौड़े से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग बुधवार रात बदला लेने के इरादे से कंस्ट्रक्शन साइट पहुंचा। सामने की ओर भीड़ और रास्ता बाधित होने के कारण वह साइट के पीछे की तरफ गया और रात करीब 11.40 बजे वहां छलांग लगाकर अंदर घुसा। इसके बाद उसने साइट के अंदर हथौड़ा तलाशा और नरेश के कमरे के पास पहुंच गया। नरेश के सो जाने के बाद आरोपी ने हथौड़े से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में नरेश की मौत हो गई।
सुरक्षा पर भी उठे सवाल
घटना ने रेलवे स्टेशन से लगे संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। आरपीएफ कॉलोनी और रेलवे क्षेत्र में आरपीएफ, जीआरपी तथा स्थानीय पुलिस की निगरानी के बावजूद देर रात कंस्ट्रक्शन साइट में संदिग्ध के प्रवेश ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। हालांकि पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को विधिवत अभिरक्षा में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
लिफ्ट मांगने पर विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या, आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस











