नवापारा में 5 महीने से खुदा पड़ा नाला, संकरी सड़क पर जाम और हादसों का खतरा, ठेकेदार पर कार्रवाई का इंतजार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर के व्यस्ततम गंज रोड पर विकास कार्य की सुस्त रफ्तार अब आम नागरिकों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा बनती जा रही है। कलकत्ता फोटो स्टूडियो के पास सड़क चौड़ीकरण और बड़े नाले के निर्माण के लिए भूमिपूजन हुए करीब पांच महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
बारिश से पहले निर्माण की तैयारी के नाम पर सड़क की खुदाई तो कर दी गई, मगर इसके बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजा यह है कि सड़क संकरी हो गई है, आवागमन प्रभावित हो रहा है और व्यस्त मार्ग पर बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी नहीं थी, तो आखिर सड़क खोदकर लोगों की परेशानी क्यों बढ़ाई गई?
सड़क खोदकर छोड़ी
गंज रोड नगर का व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर दोपहिया, चारपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे गहरी खुदाई और अव्यवस्थित निर्माण स्थल ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने से वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है और यातायात का दबाव बढ़ने पर जाम की स्थिति बन रही है।
पांच महीने बाद भी काम ठप
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है, लेकिन मौके पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य का ठेका अंकित बोलवेल को दिया गया है। इसके बावजूद काम आगे नहीं बढ़ने से ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
यदि विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश कई बार दिए जा चुके थे, तो फिर मौके पर काम क्यों नहीं शुरू हुआ? क्या ठेकेदार की ओर से निर्देशों की अनदेखी की गई या निर्माण में देरी के पीछे कोई अन्य कारण है? इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना जरूरी है। आखिरकार, निर्माण में देरी का खामियाजा ठेकेदार या विभाग नहीं, बल्कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिक भुगत रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों ने ठेकेदार को लगाई फटकार
मामले की शिकायत के बाद शनिवार को लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव वैद्य और प्रभारी एसडीओ ऋषि सेन निर्माण स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में देरी को लेकर ठेकेदार को फटकार लगाते हुए तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ नहीं किया गया, तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों से लेकर नागरिकों तक में नाराजगी
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर सड़क खोदकर लंबे समय तक छोड़ देना और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और जब तक काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक खुदाई वाले हिस्से में मजबूत बैरिकेडिंग, रात में स्पष्ट दिखाई देने वाले चेतावनी संकेतक, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यातायात बाधित न हो, इसके लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











