अभनपुर क्षेत्र को बड़ी सौगात : विधायक इंद्र कुमार साहू की अनुशंसा से 2.70 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत, यहाँ होंगे निर्माण कार्य

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर क्षेत्र के लिए विकास की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए क्षेत्रीय विधायक इंद्र कुमार साहू की अनुशंसा पर अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि योजना के तहत लगभग 2 करोड़ 70 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन, खेल मैदान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।

स्वीकृत कार्यों में प्रमुख रूप से सीसी रोड निर्माण, सामुदायिक भवन, स्कूलों में शेड निर्माण तथा खेल मैदानों के समतलीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। ग्राम मोखेतरा, तमासीवनी, खिलोरा, कुर्रा, भेलवाडीह सहित कई पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए 10 से 15 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं परसदा सोठ, बकतरा और अन्य ग्रामों में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 7 से 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा मोखेतरा, तमासीवनी, टेकारी और धूसेरा में खेल मैदानों के समतलीकरण के लिए 10 से 19.50 लाख रुपये तक की राशि स्वीकृत की गई है। गोतियारडीह और भुरका में आहाता निर्माण, पोंड में यात्री प्रतीक्षालय, मुंडरा में सतनामी समाज के लिए आहाता तथा निमोरा में स्कूल शेड एवं पेवर ब्लॉक निर्माण जैसे कार्य भी स्वीकृत सूची में शामिल हैं।

स्कूलों के लिए 11-11 लाख की स्वीकृति

इसी कड़ी में शिक्षा क्षेत्र को सशक्त करने के लिए जनपद पंचायत अभनपुर द्वारा टेकरी, पोंड, छछानपैरी, मानिकचौरी, सुंदरकेरा और चंपारण के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं वाटर कूलर स्थापना हेतु भी लगभग 11-11 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों के साथ स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ाई जा रही है और हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। इन कार्यों के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा, खेल सुविधाएं बेहतर होंगी और सामाजिक गतिविधियों को नया आधार मिलेगा।

स्थानीय नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में क्षेत्र का समग्र विकास और तेज होगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

खारून रिवर फ्रंट के निर्माण हेतु ₹84.15 करोड़ की स्वीकृति, रायपुर में विकसित होगा आधुनिक पर्यटन केंद्र

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button