गैस की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ आप का उग्र प्रदर्शन, रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रसोई गैस (एलपीजी) और कमर्शियल गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। गैस की अनियमित आपूर्ति और कालाबाजारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों ने रैली निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान रायपुर जिला ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष मोहन चक्रचारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमराई
प्रदर्शन के दौरान मोहन चक्रधारी सहित आप नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते छत्तीसगढ़ में गैस आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। वहीं कमर्शियल गैस की कमी के कारण होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा समाधान
आप कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवार इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। गैस एजेंसियों में शिकायत करने के बावजूद संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की है कि गैस की नियमित, पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने, वितरण प्रणाली की निगरानी मजबूत करने और शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है। आप नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गैस की स्थिति बेहद चिंताजनक – मोहन
आप नेता मोहन चक्रचारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज गैस की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। आम जनता को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि कालाबाजारी खुलेआम हो रही है। गरीब और मध्यम वर्ग के लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है। अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अजीम खान, महासमुंद अध्यक्ष महेश यादव, प्रदेश यूथ अध्यक्ष ईमरान खान, प्रदेश सचिव संयुक्त कलावती मार्काे, प्रदेश सचिव रुद्र सेन सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, गरियाबंद जिला यूथ अध्यक्ष हितेश पटेल, मोहन सिन्हा, राजा ठाकुर, संजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष मस्तराम साहू, खोमेश सिन्हा, राकेश निषाद, सेवा राम साहू, नारायण कोषरे, तुलसीराम साहू, जेठूराम सोनवानी, नारायण पटेल, हंसराज सोनकर सहित अन्य आप कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
शराब नीति केस में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बरी, कार्यकर्ताओं में जश्न की लहर











