छुरा ब्रेकिंग: ऑनलाइन ठगी का नया तरीका, दोस्त से कैमरे लेकर OLX पर बेचने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– गरियाबंद जिले के छुरा इलाके में कैमरा व्यवसायियों को निशाना बनाकर की जा रही सुनियोजित ठगी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी युवक दुकानदारों का विश्वास जीतकर महंगे कैमरे किराए पर लेता और फिर उन्हें OLX जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचने की साजिश रचता था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला छुरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को एक युवक ने खुद को ग्राम कनसीघी का निवासी बताते हुए एक फोटो स्टूडियो से कैमरा D-7500, D-7000, फ्लैश लाइट, बैटरी, चार्जर और अन्य उपकरण करीब 1.62 लाख रुपये मूल्य के किराए पर लिए थे। आरोपी ने 17 मार्च तक सामान लौटाने का भरोसा दिलाया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद वह संपर्क से गायब हो गया।

सुनियोजित तरीके से करता था ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले क्षेत्र की पूरी जानकारी जुटाता था और किसी स्थानीय व्यक्ति का नाम लेकर खुद को उसी इलाके का बताता था। भरोसा कायम होने के बाद दुकानदार बिना ज्यादा जांच के उसे कैमरा दे देते थे। इसके बाद आरोपी सामान लेकर फरार हो जाता और उसे ऑनलाइन बेचने की तैयारी करता था।

OLX पर बेचने के लिए किया अपलोड

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने किराये पर लिए कैमरों और उपकरणों को OLX पर बेचने के लिए अपलोड कर दिया था। इससे साफ हो गया कि ठगी की यह वारदात पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। मामले की शिकायत पर पुलिस एक और दुकानदार के जरिए जाल बिछाया, जिसमें आरोपी सतीश कुमार बंजारे (24 वर्ष), निवासी ग्राम नगरदा थाना भिलाईगढ़, जिला सारंगढ़ को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

लाखों का सामान बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कैमरा D-7500, D-7000, फ्लैश लाइट, बैटरियां, चार्जर, कैमरा बैग और अन्य सामग्री सहित कुल 1.62 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(2) और 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

गिरोह होने की आशंका, जांच जारी

पीड़ित दुकानदार का कहना है कि यह काम किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि संगठित गिरोह का हो सकता है, क्योंकि इसी तरह की घटनाएं अन्य जिलों और राज्यों में भी सामने आ चुकी हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े गिरोह के नेटवर्क की जांच शुरू कर रही है, ताकि इस तरह के ठगी के मामलों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

ज्वेलरी शॉप में फिल्मी अंदाज में ठगी, 5 लाख के जेवर पहनकर फरार हुई महिला, सहेली को बुलाने का बनाया बहाना, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button