दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, युवक की मौत; 7 घायल, 4 की हालत गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार बोलेरो देर रात अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र का है।
मध्यप्रदेश से आए थे श्रद्धालु, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बोलेरो सवार सभी लोग मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के कुम्हिया गांव के रहने वाले हैं। वे 30 नवंबर की रात बोलेरो क्र. यूपी 61 एए 6191 में सवार होकर सूरजपुर जिले के शक्तिपीठ मां कुदरगढ़ पहुंचकर दर्शन किए थे। देर शाम वे वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ओड़गी और चांदनी-बिहारपुर के बीच बांक गांव के पास खतरनाक मोड़ पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी।
बोलेरो का अगला हिस्सा चकनाचूर
हादसा इतना जबरदस्त था कि बोलेरो के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सतीश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सतीश के सिर और सीने पर गंभीर चोटें लगी थीं। पुलिस ने शव को सीएचसी भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
घायलों में कुछ की हालत गंभीर
हादसे में घायल 7 लोगों को ग्रामीणों की सहायता से ओड़गी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 4 घायलों को गंभीर हालत में सूरजपुर जिला अस्पताल भेजा गया। अन्य 3 का इलाज ओड़गी में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक गंभीर घायलों को सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भारी चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











