गरियाबंद पुलिस का जनजागरूकता अभियान: टोनही, दहेज, बाल विवाह व घरेलू हिंसा के खिलाफ छेड़ा अभियान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद पुलिस द्वारा “रजत जयंती” समारोह के षष्ठम दिवस के अवसर पर समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हाट-बाजारों तथा स्कूल-कॉलेजों में टोनही प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, बाल विवाह, घरेलू हिंसा एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

रजत जयंती समारोह 2025-26 के तहत आयोजित इस विशेष पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में फैली अंधविश्वास की प्रवृत्तियों को समाप्त करना तथा लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम के दौरान “छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005” के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।

इसी क्रम में दहेज प्रथा के विरुद्ध सशक्त संदेश देते हुए कहा गया कि इस सामाजिक बुराई को केवल कानून से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और युवाओं के संकल्प से ही समाप्त किया जा सकता है। उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि बेटियों को दहेज नहीं, बल्कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता का उपहार दें।

बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि कम उम्र में विवाह से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस दौरान भावनात्मक संदेश दिया गया “बेटियों के हाथ में किताब दें, न कि गृहस्थी का बोझ।”

संवेदनशील समाज का निर्माण हो सके

कार्यक्रम में घरेलू हिंसा के खिलाफ चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी भी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य एवं समुदाय स्तर पर संचालित ये अभियान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से भी इन अभियानों को व्यापक स्तर पर फैलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया कि समाज में फैली कुरीतियों और दुर्व्यवहार को समाप्त करने के लिए यह जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे एक सुरक्षित, समान और संवेदनशील समाज का निर्माण हो सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस का जागरूकता अभियान : यातायात नियम, मूलभूत अधिकार, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर सुरक्षा पर दिया गया संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button