पिता ने डेढ़ साल के मासूम की ईंट मारकर हत्या, बीच-बचाव करने आई दादी भी घायल, खाना नहीं मिलने सेतो फूटा गुस्सा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम हिर्री निवासी आरोपी शिवाजी निषाद (35 वर्ष) बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे के बीच अपने बेटे अनुराग को गोद में लेकर घर के पास स्थित एक खंडहर मकान की ओर गया। बताया जा रहा है कि इससे पहले उसने पत्नी से खाना मांगा था, जो नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया। उसकी संदिग्ध हरकतों को देख बच्चे की दादी सीता बाई निषाद उसके पीछे-पीछे पहुंचीं। वहां पहुंचकर उन्होंने जो मंजर देखा, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था।
शिवाजी अपने मासूम बेटे के सिर पर ईंट के टुकड़े से लगातार वार कर रहा था। दादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। किसी तरह दादी ने बच्चे को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोपी को पकड़कर रस्सी से बांध दिया ताकि वह फरार न हो सके।
मानसिक स्थिति पर उठे सवाल
परिजनों के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका उपचार मानसिक अस्पताल में चल रहा था। बताया गया कि उसे नियमित अंतराल पर इंजेक्शन लगाया जाता था, जो इस बार नहीं लग पाया था।
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











