गरियाबंद में आत्मसमर्पित नक्सलियों ने पहली बार मनाई होली, पुलिस-प्रशासन के साथ खेला रंग-गुलाल

कहा - आत्मसमर्पण के बाद उन्हें खुलकर और सम्मान के साथ जीने का अवसर मिल रहा है।

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे नक्सलियों ने इस वर्ष पहली बार होली का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया। जंगलों की जिंदगी छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे इन पूर्व नक्सलियों ने पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर रंगों का पर्व मनाते हुए नई शुरुआत का संदेश दिया।

होली समारोह में 30 से अधिक समर्पित नक्सली शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पुलिस जवानों के साथ रंग-गुलाल खेला और हल्बी व छत्तीसगढ़ी गीतों की धुन पर जमकर नाचते-गाते नजर आए। रंगों और संगीत के बीच पूरे माहौल में खुशी और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर जिले के कलेक्टर भगवान सिंह उईके और पुलिस अधीक्षक वेद व्रत सिरमौर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने समर्पित नक्सलियों को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

सम्मान के साथ जीने का अवसर मिल रहा

समर्पित नक्सलियों ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उनकी जिंदगी डर और अनिश्चितता के साए में बीतती थी, लेकिन अब आत्मसमर्पण के बाद उन्हें खुलकर और सम्मान के साथ जीने का अवसर मिल रहा है।

प्रशासन का कहना है कि आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे लोगों को समाज में सम्मानजनक जीवन देने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन के माध्यम से समाज में भाईचारे, विश्वास और नई शुरुआत का सकारात्मक संदेश भी दिया गया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस की ’होली स्पेशल’ मुहिम : शांति भंग करने वालों पर कड़ा प्रहार, आबकारी, जुआ और एम.वी. एक्ट के तहत हुई कार्यवाही

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button