गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई: 9.28 लाख का गांजा जब्त, 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 18.575 किलोग्राम गांजा जब्त कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कुल कीमत लगभग 9 लाख 28 हजार 750 रुपये आंकी गई है। साथ ही तस्करी में प्रयोग किए गए दो मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी मैनपुर को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा लाकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मैनपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
इस दौरान पहली कार्रवाई में ग्राम झरियाबाहरा-नगरी मुख्य मार्ग पर नाका लगाकर एक संदिग्ध पल्सर बाइक को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सरजन कुमार विश्वकर्मा (20 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) और दिलीप बारोड़ (45 वर्ष) निवासी इंदौर (म.प्र.) बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 14.075 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 7.03 लाख रुपये है। साथ ही बाइक भी जब्त की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई मैनपुरकला मोड़, बूढ़ादेव मंदिर के पास की गई, जहां एक अन्य पल्सर बाइक सवार युवक को रोका गया। आरोपी अंकुर (22 वर्ष) निवासी राजगढ़ (म.प्र.) के पास से 4.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.25 लाख रुपये आंकी गई। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
गरियाबंद में कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग का छापा, चार रेस्टोरेंट से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त











