महिला पंचायत सचिव का अधजला शव मिला, डेढ़ साल पहले परिजनों को बिना बताए किया था प्रेम विवाह, मां ने शव लेने से किया इनकार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक महिला पंचायत सचिव का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि मृतका ने डेढ़ साल पहले परिजनों को बिना बताए प्रेम विवाह किया था। उसका पति भी पंचायत सचिव है। बेटी की मौत की सूचना मिलने पर जब परिजन पहुंचे तो उन्हें अपनी बेटी की शादी की जानकारी हुई। मृतका की मां ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, समाज के डर से मां ने बेटी का शव लेने से इनकार कर दिया। पूरा मामला कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
पति ने दी घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, पोड़ो-उपरोड़ा ब्लॉक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत सुषमा खुसरो (26 वर्ष) का अधजला शव घर में मिला है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पति अनिमेष कुमार (27 वर्ष) ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि सुषमा ने डेढ़ साल पहले परिजनों को बिना बताए प्रेम विवाह कर लिया था। उसका पति 27 वर्षीय अनिमेष कुमार पंचायत सचिव भी है।
परिजनों को नहीं है शादी की जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका की मां कोरबा पहुंची। मृतका की मां सोनाकुंवर ने बताया कि उनकी बेटी सीधी-सादी थी। उन्हें अपनी बेटी के कोरबा के कटघोरा में नौकरी करने की जानकारी थी। उसकी शादी कब हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसकी हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने सामाजिक कारणों का हवाला देते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
बताया गया कि कुछ दिन पहले सुषमा और अनिमेष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मर्ग कामय कर ली गई है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका का शव उसके पति को सौंप दिया गया है। मृतक महिला के पति ने पूछताछ में बताया कि दोनों ने 2023 में प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों कोरबा में रहते थे और उनके परिवार वालों को इसकी जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस परिवार वालों का बयान लेने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd