छुरा इलाके में तेज ओलावृष्टि से तबाही, सब्जी फसल चौपट, महुआ संग्रहण पर भी संकट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा :– छुरा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ले ली। करीब एक घंटे तक हुई तेज ओलावृष्टि और बारिश ने गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। बड़े-बड़े ओले गिरने से ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जबकि जो लोग पहले से बाहर थे उन्हें भी सुरक्षित घर पहुंचने में काफी परेशानी हुई।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे कनफाड गांव में गिरे भारी ओलों ने खेतों में लगी सब्जी और बाड़ी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस समय खेतों में कई प्रकार की सब्जियां तैयार हो रही थीं, लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। ओलों की मार से कई जगह पौधे टूट गए और फसल जमीन पर बिछ गई।

वनांचल क्षेत्र में इन दिनों महुआ संग्रहण का भी महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज गर्जना, बारिश और ओलावृष्टि के कारण आने वाले दिनों में महुआ संग्रहण पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।

ओलावृष्टि थमने के बाद भी देर तक तेज बारिश जारी रही, जिससे गांव के रास्तों पर पानी भर गया और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बदले मौसम से जहां वातावरण में थोड़ी ठंडक महसूस की गई, वहीं किसानों के लिए यह बारिश राहत से ज्यादा नुकसान का कारण बन गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

छुरा ब्रेकिंग: बिस्तर पर सो रहे 6 साल के मासूम को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button