प्रेमिका की हत्या कर झाड़ियों में छिपाया शव, दो माह बाद कंकाल से खुला राज, प्रेमी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, जानिए हत्या की खौफनाक कहानी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी के लिए दबाव बना रही प्रेमिका से छुटकारा पाने के लिए एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया और सबूत मिटाने के लिए मृतिका का मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। करीब दो माह बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र का है।
खेत में मिला मानव कंकाल, युवती की हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को पखांजूर क्षेत्र के बड़े कापसी गांव में रनोबाई उसेंडी के खेत में एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में कंकाल एक युवती का होना सामने आया। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान संगीता उसेंडी (22 वर्ष) के रूप में हुई।
कॉल डिटेल से प्रेमी तक पहुंची पुलिस
मृतिका की पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। परिजनों से पूछताछ और कॉल डिटेल खंगालने पर पुलिस संगीता के प्रेमी दिनेश दुग्गा तक पहुंची। पुलिस ने 25 जनवरी 2026 को दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतिका का प्रेमी दिनेश दुग्गा (21 वर्ष), उसका साथी समनदीप पन्ना (20 वर्ष) और एक नाबालिग शामिल है। तीनों आरोपी साहडोंगरी गांव के निवासी हैं। मुख्य आरोपी दिनेश दुग्गा कॉलेज का फाइनल ईयर का छात्र बताया जा रहा है।
2-3 साल का प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, दिनेश और संगीता के बीच पिछले दो से तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में संगीता दिनेश पर शादी का दबाव बनाने लगी। दिनेश शादी नहीं करना चाहता था, जिसको लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए दिनेश ने प्रेमिका की हत्या की साजिश रच डाली।
मिलने के बहाने बुलाकर की गला घोंटकर हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 16 नवंबर 2025 को संगीता को मिलने के बहाने घर से बाहर बुलाया गया। इसके बाद उसे खेत की ओर ले जाया गया, जहां पहले से दोनों साथी मौजूद थे। वहां मुख्य आरोपी जिससे लड़की का अफेयर था, उसने पैर पकड़ रखा था। दूसरे दोस्त ने मुंह दबाया था और नाबालिग ने गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
जंगल में मिला महिला का मानव कंकाल, खोपड़ी, रीढ़ की हड्डी और बाल बरामद, जांच में जुटी पुलिस











