वर्षों की मांग हुई पूरी: राजिम विधानसभा क्षेत्र में दो जगहों पर होगा उच्च स्तरीय पुल का निर्माण, आदेश जारी
विधायक रोहित साहू ने कहा यह विकास के प्रति हमारे संकल्पों का प्रतिबिंब

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों में उच्च स्तरीय पुल निर्माण की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग विष्णुदेव साय की सरकार ने पूरा कर दिया है। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की निरंतर सक्रियता के परिणामस्वरूप राजिम विधानसभा को आज फिर से करोड़ों रूपये के ऐतिहासिक सौगातों से सरकार ने नवाजा है।
छत्तीसगढ़ शासन ने महासमुंद-राजिम मार्ग पर फिंगेश्वर के निकट सरगी नाला में उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 08 करोड़ 21 लाख 16 हजार रूपये तथा छुरा-कोमाखन मार्ग पर(कोसमबुड़ा) उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 10 करोड़ 63 लाख 75 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्त विभाग की सहमति के बाद लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, महानदी भवन नवा रायपुर से आदेश जारी किया गया है।
गौरतलब है कि इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी, क्योंकि स्टेट हाइवे होने के बाद भी राजिम महासमुंद मार्ग के सरगी नाला में बरसात के दिनों में कई बार नाला उफान पर आने से आवागमन प्रभावित हो जाता था। पुल बनने के बाद अब स्थानीय लोगों को निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा छुरा से कोमाखान मार्ग में कोसमबुड़ा के निकट भी अत्यंत संकीर्ण पुल के कारण आवागमन बाधित होता था जिससे अब निजात मिलेगी।
विकास के प्रति संकल्प का प्रतिबिंब
इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने इसे राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर मानते हुए विकास के प्रति संकल्पों प्रतिबिंब बताया। उन्होंने कहा कि जो काम वर्षों से अधूरे पड़े थे उन सभी कामों को पूरा करने की जिम्मेदारी हमारी है, हमारी सरकार ने राजिम क्षेत्र को करोड़ों रुपयों की स्वीकृति प्रदान की है उसी क्रम में यह पुल निर्माण की स्वीकृति मिलना भी हर्ष की बात है इसके लिए क्षेत्रवासी बधाई के पात्र हैं।
भाजपा सरकार के सुशासन की प्रतिबद्धता से हमारा राजिम सबसे तीव्र विकास का साक्षी बन रहा है। दोनों प्रमुख मार्ग पर पुल निर्माण के लिए करोड़ों रूपये की स्वीकृति मिलना राजिम विधानसभा के विकास के प्रति हमारे संकल्प का प्रतिबिंब है। विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार प्रकट किया और कहा कि यह पुल आने वाली पीढ़ियों को विकास नई राह दिखाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BM4cHVhLYrPLudwEhQHVBB?mode=ac_t