अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई : ग्रामीणों की शिकायत के बाद आधी रात पहुंची टीम, दो चैन माउंटेन और दो हाइवा किया जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने फिर से कार्रवाई करते हुए दो चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरी दो हाइवा को जब्त किया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत के बाद राजिम एसडीएम के निर्देश पर आधी रात को की गई है। इस खनन में सीमा विवाद का मामला भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले के ग्राम पसौद में अवैध रेत उत्खनन की ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद राजिम एसडीएम के निर्देश पर फिंगेश्वर तहसीलदार रमेश मेहता और उनकी टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध उत्खनन करते हुए दो चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरी दो हाइवा को जब्त किया गया। सभी वाहनों को फिंगेश्वर थाना लाकर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
रात भर रेत की खुदाई

बताया जा रहा है कि महासमुंद जिले के रेत कारोबारी आधी रात इस अवैध कार्य को अंजाम दे रहे थे। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 200 से अधिक ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिससे तनाव की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि उत्खनन कार्य महासमुंद जिले की सीमा छोड़कर गरियाबंद जिले की सीमा में किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोनों जिलों की सीमा का स्पष्ट निर्धारण नहीं हो जाता, तब तक उत्खनन कार्य बंद रखने की बात कही गई थी। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा लगातार खुदाई जारी रखी जा रही थी। ग्रामीणों ने इस बात पर भी आपत्ति जताई की यह खुदाई रात भर की जाती है। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम क्षेत्र में रेत के अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 चैन माउंटेन और हाईवा जब्त











