प्रेम प्रसंग का दर्द: प्रेमी की मौत का सदमा, नाबालिग प्रेमिका ने की आत्महत्या

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम और बिछड़ने के दर्द ने एक नाबालिग की जिंदगी छीन ली। दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर मिलने के दूसरे ही दिन 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक की लहर है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र का है।
प्रेमी के साथ दिल्ली गई थी प्रेमिका
जानकारी के अनुसार किशोरी मूल रूप से बैकुंठपुर जिले की रहने वाली थी और कुछ समय से तोरवा क्षेत्र में अपनी बुआ के घर रह रही थी। बताया गया है कि वह कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद उसे दिल्ली से खोजकर वापस लाया गया था। घर ले जाने के बजाय उसे तोरवा स्थित रिश्तेदार के यहां ठहराया गया। इसी बीच रविवार को किशोरी के प्रेमी ने दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब यह खबर किशोरी तक पहुंची तो वह पूरी तरह टूट गई।
परिजनों के अनुसार, खबर मिलने के बाद से वह गुमसुम रहने लगी थी और मरने की बातें भी कर रही थी। परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, पढ़ाई और परिवार पर ध्यान देने की सलाह दी तथा पूरी रात उस पर नजर भी रखी। सोमवार सुबह किशोरी ने परिजनों के साथ नाश्ता किया, हालांकि उसका व्यवहार सामान्य नहीं था। करीब सुबह 11 बजे, जब घर के अन्य सदस्य अपने काम में व्यस्त थे, उसी दौरान उसने कमरे में अपनी ही चुन्नी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











