शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बहन की शादी से एक दिन पहले भाई की दर्दनाक मौत, बड़ा भाई गंभीर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– खुशियों से भरे एक घर पर मातम का साया छा गया, जब बहन की शादी की तैयारियों में जुटा भाई सड़क हादसे का शिकार हो गया। एक दिन बाद जिस घर में बारात आने वाली थी, उसी घर से अर्थी उठ गई। दरअसल, बाल कटवाने के लिए निकले दो भाइयों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरहापुर निवासी दो सगे भाई जगन्नाथ साहू और रोहित साहू अपनी बहन की शादी की तैयारियों के बीच बाल कटवाने के लिए धमधा जा रहे थे। इसी दौरान खैरागढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई रोहित साहू की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई जगन्नाथ साहू गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने एम्बुलेंस बुलवाई और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रोहित साहू को मृत घोषित कर दिया। जगन्नाथ साहू की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
शादी की खुशियां मातम में बदली
मृतक के घर पर शादी को लेकर उत्सव का माहौल था। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। बताया जा रहा है कि 20 फरवरी को बरहापुर गांव में साहू समाज का सामूहिक विवाह कार्यक्रम है, जिसमें उनकी बहन की भी शादी होनी थी। शादी से ठीक एक दिन पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली थी, वहां अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई अपनी बहन की शादी की जिम्मेदारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। अचानक हुई इस दुर्घटना ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचला, मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पति घायल











