सांसद खेल महोत्सव : नई तिथि व तैयारियों के लिए निर्देश जारी, विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएँ राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में होगी आयोजित

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिला प्रशासन ने सांसद खेल महोत्सव 2025-26 के सफल आयोजन हेतु संशोधित आदेश जारी किया है। कलेक्टर बीएस उइके ने बताया कि विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएँ राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जाएँगी। सांसद खेल महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन संकुल स्तरीय प्रतियोगिता दो चरणों में कराया जा चुका है।
उक्त प्रतियोगिता का तीसरा चरण विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कराया जाएगाा। जिला स्तर पर आवश्यक तैयारी, समन्वय एवं व्यवस्थाओं के लिए सभी संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी खेल प्रतिस्पर्धाएँ निर्धारित तिथियों पर सुचारू ढंग से संपन्न होंगी। इनमें 6 दिसम्बर 2025 को राजिम एवं बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र में खो-खो, बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊँची कूद तथा गेंड़ी दौड़, जैसी एकल प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। वहीं 7 दिसम्बर 2025 को कबड्डी तथा वॉलीबॉल की दलीय स्पर्धाएँ संपन्न कराई जाएँगी।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की आयु वर्गानुसार भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं एवं पुरुषों दोनों वर्गों में 14 से 17 वर्ष, 18 से 20 वर्ष तथा 21 से 24 वर्ष तक के प्रतिभागियों को मौका मिलेगा। सामूहिक खेलों में खिलाड़ियों की संख्या निर्धारित मानदंडों के अनुसार होगी, जबकि एकल खेलों में प्रत्येक खेल से चयनित खिलाड़ियों की संख्या भी घोषित कर दी गई है। जिला प्रशासन ने आयोजन स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विभागों को बांटे गए दायित्व
उक्त खेल का आयोजन राजिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत क्रीड़ा परिसर मैदान गरियाबंद तथा बिन्द्रनवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खेल मैदान भाठीगढ़, मैनपुर में किया जाएगा। खिलाड़ियों के आगमन एवं वापसी हेतु परिवहन व्यवस्था का दायित्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया है। मैदान निर्माण, मार्किंग, स्टेज एवं अन्य खेल-सुविधाओं की तैयारी की जिम्मेदारी जिला शिक्षा विभाग व लोक निर्माण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जाएगी। विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं पर विजेता एकल खेल अंतर्गत खिलाड़ियों की कुल संख्या 48 तथा सामुहिक खेल वर्ग अंतर्गत खिलाड़ियों की कुल संख्या 176 निर्धारित की गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











