गर्भवती होने पर प्रेमिका ने शादी का बनाया दबाव, बॉयफ्रेंड ने पत्थर से कुचल कर उतारा मौत के घाट, खेत में फेंका शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी का झांसा देकर संबंध बनाने वाले युवक ने अपनी 21 वर्षीय मूकबधिर प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। युवती के गर्भवती होने और शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने बदनामी के डर से पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मामला महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम इंद्रपुर के रहने वाले लोकनाथ पटेल (27) और युवती के बीच पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन पहले युवती की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसके दो माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
23 मार्च की रात युवती अपने प्रेमी से मिलने पहुंची और इशारों में अपनी गर्भावस्था की जानकारी दी तथा शादी के लिए दबाव बनाया। इससे घबराकर आरोपी ने पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी और शव को घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में फेंक दिया।
अगली सुबह युवती का शव खून से लथपथ हालत में खेत में पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वाड टीम ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले में युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए लोकनाथ पटेल ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











