नक्सलियों ने किया IED ब्लास्ट, एक जवान शहीद, दो घायल, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, कहा- शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी
शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी: नक्सलवाद का खात्मा हमारा संकल्प और इस दिशा में हर हाल में होंगे सफल - मुख्यमंत्री

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवान दिनेश नाग के शहीद होने तथा तीन जवानों के घायल होने की सूचना मिली है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह DRG की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान प्रेशर आईईडी पर पैर रखते ही ब्लास्ट हो गया जिसमें DRG जवान दिनेश नाग (38) शहीद हो गए। घटना भोपालपट्नम थाना इलाके की है। शहीद जवान को बीजापुर में अंतिम विदाई दी गई। शहीद वाटिका में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बताया जा रहा है कि शहीद दिनेश नाग की पत्नी पूजा 4 माह की गर्भवती है। उनका एक लड़का है, जो 8 साल का है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद जवान को नमन करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दे। उन्होंने घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली पूरी तरह हताश हो चुके हैं और इसी हताशा में इस प्रकार की कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि DRG के जवान दिनेश नाग की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का खात्मा हमारा दृढ़ संकल्प है और इस दिशा में हम हर हाल में सफल होंगे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/BM4cHVhLYrPLudwEhQHVBB?mode=ac_t