किसानों के लिए बड़़ी खबर: प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का आदेश जारी, भाजपा का एक और वादा पूरा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने चुनावी घोषणापत्र में किसानों से किए एक और वादे पर मुहर लगा दी है। सरकार अब 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी करेगी। इसे लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बुधवार रात आदेश जारी कर दिया है। धान खरीदी का आदेश 1 नवंबर 2023 से ही मान्य हो गया है। जो किसान पुराने नियम के हिसाब से धान बेच चुके हैं, वे भी अब निर्धारित पात्रता में बेच सकेंगे।
आपको बता दें कि भाजपा ने चुनावी घोषणापत्र में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान 3100 रुपए में खरीदी का वादा किया था। सरकार गठन के करीब 15 दिन बीत जाने के बावजूद घोषणा नहीं होने से कांग्रेस लगातार निशाना साध रही थी। वहीं कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में एक एकड़ में 20 क्विंटल धान की खरीदी की बात कही थी।
खाद्य विभाग ने जारी किया आदेश
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा सभी संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर को धान खरीदी के संबंध में आदेश जारी किया है। बता दें कि, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जारी आदेश 1 नवंबर से लागू होगा। यानि जो किसान धान बेच चुके है, वो किसान भी 21 क्विंटल के हिसाब से धान बेचने की पात्रता रखेंगे।
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक नवंबर 2023 से जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है। राज्य में इस साल 130 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। इसके लिए 26.86 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है।
भाजपा ने घोषणापत्र के 3 वादे पूरे किए
भाजपा ने धान खरीदी करने के साथ ही अपने चुनावी घोषणापत्र के तीन वादे पूरे कर दिए हैं। 6 दिन पहले हुई कैबिनेट की पहली बैठक में ही सीएम विष्णुदेव साय ने 18 लाख 12 हजार 743 जरूरतमंद परिवारों को आवास देने और 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किसानों को 2 साल का बकाया बोनस देने का फैसला कर दिया था।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/GPp1JCZPzYl0tbbUUBm7UJ