गरियाबंद ब्रेकिंग : घात लगाकर नक्सलियों ने जवानों पर की अंधाधुंध फायरिंग, जवानों को भारी पड़ता देख भागे नक्सली, सर्च ऑपरेशन जारी
गरियाबंद पुलिस की माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना शोभा क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय माओवादी दस्ते के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की मुस्तैदी के आगे नक्सली टिक नहीं सके और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल-पहाड़ियों की ओर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा प्रतिबंधित माओवादी संगठन धमतरी–गरियाबंद–नुआपाड़ा डिवीजन के 8 से 10 माओवादियों की उपस्थिति की स्थानीय आसूचना पुलिस को मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस गरियाबंद की ई-30 टीम, 207 कोबरा बटालियन तथा 65/211 बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी को सर्चिंग अभियान पर रवाना किया गया।
सुरक्षाबलों ने दिया करारा जवाब
दिनांक 05 जनवरी 2026 की शाम शोभा क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को जान से मारने और हथियार लूटने की नीयत से घात लगाकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख माओवादी अपना सामान मौके पर छोड़कर घने जंगल और पहाड़ी इलाकों का सहारा लेते हुए फरार हो गए।
भारी मात्रा में सामग्री बरामद
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा छोड़ी गई दैनिक उपयोग की सामग्री बड़ी मात्रा में बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ जंगलों में निगरानी बनाए हुए हैं।
माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील
गरियाबंद पुलिस ने जिले में सक्रिय सभी माओवादियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जो भी नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज में सम्मानजनक जीवन जीना चाहता है, वह गरियाबंद जिले के किसी भी थाना, चौकी या सुरक्षा कैम्प में आत्मसमर्पण कर सकता है। शासन की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी। आत्मसमर्पण के लिए नक्सल सेल, गरियाबंद के मोबाइल- 94792-27805 संपर्क कर सकते है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











