धमतरी जिले का वनग्राम बनेगा राजस्व गांव, सर्वे पूरा, 15 दिवस के भीतर लिखित-मौखिक दावा-आपत्तियां आंमत्रित
राजस्व अभिलेख तैयार, प्रारंभिक प्रकाशन भी हुआ

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धमतरी जिले के एक वनग्राम को राजस्व गांव में परिवर्तित करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संबंधित क्षेत्र का सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसके बाद अब ग्रामीणों से 15 दिवस के भीतर लिखित एवं मौखिक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। इस प्रक्रिया के तहत पात्र हितग्राहियों के अधिकारों का निर्धारण कर उन्हें राजस्व ग्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
जानकारी के अनुसार धमतरी जिले का राजस्व निरीक्षक मंडल नगरी, तहसील नगरी का ग्राम आमझर वन से घोषित राजस्व ग्राम है। कार्य एजेंसी आईआईटी रूढ़की द्वारा अंतिम प्रकाशन के लिए ग्राम आमझर के 4 नक्शा शीट उपलब्ध कराया गया है। इस गांव का तैयार राजस्व अभिलेखों का प्रारंभिक प्रकाशन जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा किया जा चुका है। सभी अभिलेख संबंधित ग्राम पंचायत में अवलोकन के लिए कार्यालयीन दिवसों में उपलब्ध है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा इन अभिलेखों से संबंधित आमजनों से दावा-आपत्तियां आमंत्रित की जा रही है। हल्का पटवारी द्वारा तैयार किये गये नक्शा शीटों एवं खसरों पर जिस किसी भी व्यक्ति या संस्था को आपत्ति हो, तो प्रकाशन तिथि से 15 दिवस के भीतर लिखित-मौखिक आवेदन कार्यालयीन समय में स्वयं या अभिभाषक के माध्यम से दावा-आपत्ति संबंधित ग्राम पंचायत में प्रस्तुत कर सकते है। नियत समयावधि के बाद मिले दावा-आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











