होली से पहले रायपुर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, मिठाई, खोवा के 94 नमूनों की जांच, 37 कंटेनर शहद सहित पान मसाला जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए नकली खोवा, मावा, पनीर एवं गुणवत्ताहीन मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाने खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। रायपुर कलेक्टर के निर्देश एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार मिठाई दुकानों एवं निर्माण इकाइयों की सतत जांच की जा रही है।
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़, दीपक कुमार अग्रवाल (आई.ए.एस.) के आदेशानुसार रायपुर जिले के मिठाई दुकानों एवं विनिर्माण इकाइयों का सतत एवं सघन निरीक्षण के साथ मिलावटी मिठाई, खोवा आदि विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। गुणवत्ताहीन एवं अपमिश्रित खोवा, पेड़ा एवं अन्य मिठाई की आशंका के मद्देनजर अभिहीत अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज एवं संतोष ध्रुव, नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी, निधि यादव, होरेन्द्र प्रकाश देवांगन, राकेश भिवोडे के संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण किया गया।
37 कंटेनर शहद जब्त

निरीक्षण के दौरान मावा, पनीर, लड्डू, पेड़ा, खीर मिक्स, पान मसाला, शहद, चटनी, राइस, टोस्ट, ड्राई फ्रूट्स आदि के नमूने लिए। इस दौरान नुरजहां खातून से 37 कंटेनर शहद जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 30 हजार रुपये बताई गई। वहीं जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज के 62 पैकेट एवं सितार के 53 पैकेट जप्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 26 हजार रुपये है।
चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर 94 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 87 नमूने मानक, 5 अमानक एवं 2 नमूने मिथ्याछाप पाए गए। संदिग्ध नमूनों को विस्तृत परीक्षण हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 एवं नियम 2011 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने हेतु यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की रेड: 9 बोरी ‘पान पसंद’ गुटखा जब्त, जांच के लिए भेजा गया सैंपल











