लव मैरिज के 5 साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, दफन के 10 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, लव मैरिज के 5 साल बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद प्रशासन की अनुमति से मृतका का शव 10 दिन बाद कब्र खोदकर बाहर निकाला गया। अब शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का पता चलेगा। मामला बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला गांव का है।

जानकारी के अनुसार मृतका जया सांडे (23 वर्ष) का विवाह पांच वर्ष पूर्व गांव के अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह के जरिए हुआ था। 27 नवंबर को जया घर का काम कर रही थी तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी और अपने कमरे में आराम करने लगी। कुछ देर बाद परिजन देखने पहुंचे तो जया मृत पड़ी मिली। पति ने तत्काल गांव वालों और मायके पक्ष को घटना की सूचना दी।

10 दिन बाद कब्र खोदकर निकाला गया शव

जया की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और हंगामा करते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों की समझाइश पर परिजनों ने पहले मृतका का अंतिम संस्कार होने दिया और बाद में पूरे मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। मौत के 10 दिन बाद जब हत्या के शक को लेकर मायके पक्ष ने पुलिस में आवेदन दिया, तो पुलिस ने प्रशासन से अनुमति मांगी और कब्र को खोदकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा और उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। ग्रामीणों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, जबकि मृतका के मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: फंदे पर लटका मिला शव, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button