नवापारा में मां दुर्गा के आगमन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बेलटुकरी की चलित झांकी ने मोहा मन
नौ रूपों में मां दुर्गा के दिव्य दर्शन, मां काली के रौद्र रूप और हनुमान जी की झांकी ने मोहा मन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नवापारा के खोलीपारा में भक्ति, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री महाकालेश्वर दुर्गोत्सव युवा समिति द्वारा जगतजननी मां दुर्गा का भव्य एवं आकर्षक आगमन कराया गया। माता रानी के स्वागत में निकली मनमोहक चलित झांकियों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। ‘जय माता दी’ के जयकारों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
बेलटुकरी के कलाकारों की झांकियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
माता रानी के आगमन को यादगार बनाने में बेलटुकरी के कलाकारों की भव्य चलित झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। झांकी में आदिशक्ति मां दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों के जीवंत दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं गदा धारण किए संकटमोचन हनुमान जी के स्वरूप ने भक्तों में उत्साह भर दिया, तो मां काली के रौद्र एवं प्रचंड रूप ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं गोरिल्ला का प्रदर्शन बच्चों के साथ ही बड़ों के लिए भी खास आकर्षण बना रहा। कलाकारों के एक से बढ़कर एक प्रस्तुति के चलते दर्शक देर रात तक झांकियों को निहारते रहे और पूरा माहौल उत्सवमय बना रहा।
नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु

चलित झांकियों की भव्यता और माता रानी के दिव्य आगमन को देखने के लिए नवापारा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सड़कों के दोनों ओर लोगों की भीड़ नजर आई। जयकारों, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं के उत्साह ने खोलीपारा के माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया।
कार्यक्रम में नवापारा नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने सपरिवार पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से आरती उतारी और पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समिति के सदस्यों की मेहनत को मिली सराहना
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री महाकालेश्वर दुर्गोत्सव युवा समिति, खोलीपारा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के सफल संचालन तक सराहनीय योगदान दिया। उनके समर्पण और मेहनत की नगरवासियों ने प्रशंसा की।
खोलीपारा में मां दुर्गा के भव्य आगमन और बेलटुकरी के कलाकारों की आकर्षक चलित झांकियों ने नवरात्रि के उत्सव में चार चांद लगा दिए।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











