अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल, कार के उड़े परखच्चे, दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों दोस्त नए साल पर घूमने निकले थे। घटना बिलासपुर जिले के कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र का है।
रायपुर से अमरकंटक जा रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक सीजी 04 क्यूजे 2152 में सवार सभी लोग रायपुर से आमागोहन होते हुए मरहीमाता रोड के रास्ते अमरकंटक जा रहे थे। ग्राम भसको के जंगल क्षेत्र में अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में पीछे की सीट पर बैठे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान रामकुमार धीवर (45 वर्ष) और राजकुमार साहू के रूप में हुई है। दोनों रायपुर के रहने वाले थे। वहीं घायलों में कार चालक नीलेश्वर धीवर (38 वर्ष) निवासी दलदल सिवनी रायपुर, सुखसागर मानिकपुरी (39 वर्ष) निवासी मजेठा आरंग और अमित चंद्रवंशी (39 वर्ष) निवासी दलदल सिवनी मोवा रायपुर शामिल हैं।
चालक का पैरा हुआ फैक्चर
घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और चालक नीलेश्वर के दोनों पैर टूटकर वाहन में फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और तत्काल रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
दो घंटे बाद निकाला जा सका शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार पेड़ से चिपक गई थी। आगे की सीट पर बैठे राजकुमार का शव करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन रायपुर से रतनपुर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS
यह खबर भी जरुर पढ़े
शराब विवाद में कर दी युवक की हत्या, कांच की बोतल से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार











