सिकासार जलाशय से छोड़ा गया 1350 क्यूसेक पानी, राजिम–फिंगेश्वर क्षेत्र में निस्तारी की समस्या होगी दूर – रोहित साहू

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम–फिंगेश्वर क्षेत्र में निस्तारी की समस्या को देखते हुए विगत दिनों क्षेत्रवासियों द्वारा तालाब, नदी और नालों में पानी की कमी को लेकर विधायक रोहित साहू से सिकासार जलाशय से पानी छोड़ने की मांग की गई थी। क्षेत्र की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र की मांग अनुरूप तत्परता दिखाते हुए विधायक रोहित साहू ने तत्काल कलेक्टर को आवेदन देकर सिकासार जलाशय से पानी छोड़ने की पहल की।
विधायक के प्रयासों के फलस्वरूप सिकासार जलाशय से 1350 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो वर्तमान में कुकदा पिकअप वियर तक पहुंच चुका है। यहां से इस पानी को राजिम और फिंगेश्वर डिस्ट्रिब्यूटर में जोड़ा जा रहा है, जिससे राजिम–फिंगेश्वर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के तालाब, नदी-नाले और अन्य जल स्रोतों में पानी पहुंचेगा। इससे ग्रामीणों को निस्तारी के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और गर्मी के मौसम में होने वाली जल समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
650 क्यूसेक पानी और बढ़ाकर छोड़ा
विधायक रोहित साहू ने बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही जनमांग को देखते हुए अधिकारियों से चर्चा कर सिकासार जलाशय से पानी छोड़ने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि सिकासार जलाशय से अतिरिक्त 650 क्यूसेक पानी और बढ़ाकर छोड़ा जाए, ताकि राजिम–फिंगेश्वर क्षेत्र के अधिक से अधिक गांवों तक पानी पहुंच सके और तालाबों व जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को निस्तारी, पशुओं के लिए पानी तथा अन्य आवश्यक उपयोग के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगे भी यदि आवश्यकता होगी तो प्रशासन से समन्वय कर और पानी छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी।
क्षेत्रवासियों ने सिकासार जलाशय से पानी छोड़ने की इस पहल के लिए विधायक रोहित साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के तालाबों और जल स्रोतों में पानी बढ़ेगा तथा ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











