पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चेकिंग के दौरान कार से 75 लाख नकद बरामद, दो आरोपी हिरासत में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर नकदी, कार और मोबाइल को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार 16 मार्च को टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान खरियार रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार क्रमांक ओडी 05 पीबी 2122 को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक ने अपना नाम राजेंद्र महानंद (27) निवासी मुंडापला बताया, जबकि उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47) निवासी कांटाबांजी बताया।
बैग से निकले 500-500 के नोटों के 150 बंडल
जांच के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग से 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडल बरामद हुए। प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे, जिसकी कुल राशि 75 लाख रुपये पाई गई। पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह राशि सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है और इसे कांटाबांजी से रायपुर ले जाया जा रहा था। उनका दावा था कि यह रकम रायपुर के करीब 60 ज्वेलर्स व्यापारियों को पहुंचाई जानी थी।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी
पुलिस ने नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन मौके पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने 75 लाख रुपये नकद, करीब 10 लाख रुपये कीमत की होंडा कार और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया। जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य 85 लाख 10 हजार रुपये आंका गया है।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दी जाएगी, जिसके बाद नकदी के स्रोत और लेन-देन की विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
स्कूटी की डिक्की से 75 लाख कैश बरामद, हवाला कनेक्शन की आशंका











