नक्सलियों को बड़ी चोट : मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को जवानों की संयुक्त टीम ने किया ढेर, 2 जवान घायल, 2 जवान हुए शहीद

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जवानों और नक्सलियों के बीच रविवार को हुई मुठभेड़ में जवानों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया। सभी 31 शव रिकवर कर लिए गए हैं। यह मुठभेड़ बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई। साथ ही इस मुठभेड़ में 2 जवान शहीद एवं 2 जवान घायल भी हुए है। मौके से AK-47, INSAS, BGL लॉन्चर और बड़े हथियार बरामद हुए हैं।
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बीजापुर DRG, STF और संयुक्त बल को रवाना किया गया था। ऑपरेशन के दौरान माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई बार मुठभेड़ हुईं। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में अब तक कुल 31 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। हमारे 2 जवान घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर है। सर्च ऑपरेशन जारी है। इस मुठभेड़ में हमारा एक DRG और एक STF के जवान शहीद हो गए। साल 2025 में अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 65 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
रायपुर SSP लाल उमेद सिंह ने कहा कि बीजापुर मुठभेड़ में दोनों घायल जवानों को एयर लिफ्ट कर रायपुर अस्पताल लाया गया है। मैं दोनों घायल जवानों और डॉक्टर से मिलकर आया हूं। वे अब खतरे से बाहर हैं। एक जवान के पैर और दूसरे के सिर और सीने में चोट आई है।
मुख्यमंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसका खात्मा कर रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूँ। मुठभेड़ में 2 जवान शहीद एवं 2 जवान के घायल होने की भी दुःखद खबर प्राप्त हुई है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने व घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
हमारी सरकार को 13 महीने हुए हैं और 13 महीने में हमने नक्सलवाद के साथ बहुत मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी है। सुरक्षा के जवान बहुत साहस के साथ लड़े हैं। डबल इंजन की सरकार का लाभ भी हमें मिल रहा है। यह DRG, STF और बस्तर फाइटर का संयुक्त ऑपरेशन था। हमारे 2 जवान शहीद हुए हैं, मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Cou8mpwFJrW20kpqxsp8t6