गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई: एक हफ्ते में 43 ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ मामले दर्ज, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर भी हुई कार्रवाई
यातायात नियमों का पालन करने की अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा पिछले एक सप्ताह से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 43 चालकों के खिलाफ “ड्रंक एंड ड्राइव” के तहत न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई की है। इसके अलावा मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों को समझाइश देते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, मालवाहक वाहनों का उपयोग सवारी ढोने के लिए न करें और नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
लंबे समय से चल रहा मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने का चलन
आपको बता दें कि मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने का चलन काफी लंबे समय से है। शादी-ब्याह के सीजन में ऐसा नजारा बेहद आम हो जाता है। कई बड़े हादसे हो चुके हैं, इसके बावजूद मालवाहकों में सवारी ढोने पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। एक मालवाहक में 40 से 50 लोगों को खड़े कर सवारी गाड़ी की तरह उपयोग किया जाता है।
मालवाहक में सवार लोग खड़े होकर एक दूसरे को पकड़कर या फिर ट्राली की रेलिंग को पकड़कर यात्रा करते हैं। ट्राली में बैठकर सफर करने वाले लोग खतरे से अंजान अपनी जान को जोखिम में डालते है। सिर्फ एक झटका कई सवारियों को सड़क पर गिरा सकता है, पर इसकी परवाह किए बगैर लोग मालवाहकों की ट्राली में बैठकर सफर करते हुए देखे जाते हैं, जो जानलेवा साबित होता है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











