अभनपुर-धमतरी मार्ग में भीषण हादसाः स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर में भीषण टक्कर, रिटायर्ड प्राचार्य की मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर-धमतरी मार्ग पर स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर हुई है। इस हादसे में रिटायर्ड प्राचार्य की मौके पर ही मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। ट्रैक्टर ट्रॉली का पिछला पहिया अलग हो गया। घटना धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे नेशनल हाईवे 30 पर ग्राम डांडेसरा के पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में रिटायर्ड प्राचार्य मोहन लाल रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो चालक गुलशन रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गया। वह काफी देर तक वाहन में ही फंसा रहा।

स्टेयरिंग में फंसा रहा स्कॉर्पियो चालक 

बताया जा रहा है कि खिसोरा निवासी मोहन लाल रात्रे बुधवार को अपने नाती और नातिन को उनके मामा के घर छोड़ने धमतरी के तेलीनसती गए थे। देर रात वे अपने गांव खिसोरा लौट रहे थे। वे डांडेसरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे कि यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो चालक स्टेयरिंग में फंस गया। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला।

तेज रफ्तार बना हादसे का कारण

स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। घटनास्थल के पास मोड़ होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और धान से भरे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से सीधी भिड़ंत हो गई। बताया गया कि स्कॉर्पियो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे कुरुद में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/ByoSNL9jFiJAghfKGiFAzm

यह खबर भी जरुर पढ़े

कार ने बाइक सवार दंपत्ति को कुचला, पति की मौत, पत्नी घायल

Related Articles

Back to top button