छुरा में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: कर्नाटक-उड़ीसा से लेकर राजनीतिक परिवार तक कनेक्शन, 9 बाइक के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले की छुरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दरअसल, छुरा शहर में पिछले कुछ सालों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला गिरोह अब पुलिस की गिरफ्त में है। छुरा पुलिस और स्पेशल टीम की सघन कार्रवाई के बाद इस अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों का कर्नाटक और ओडिशा से लेकर राजनीतिक परिवारों तक से कनेक्शन है।

छुरा पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का संचालन गरियाबंद जिले के छुरा निवासी थनवार बंजारे (28 वर्ष) करता है, जो आपराधिक गतिविधियों के चलते 2017-18 से पुलिस की रडार पर था। थनवार दो साल से ओडिशा के सोनाबेड़ा में रहता था और वहीं से छत्तीसगढ़ की चोरी की गाड़ियों की सप्लाई करता था। बताया गया कि थनवर ओडिशा में ‘समीर’ नाम से रह रहा था। पुलिस ने बताया कि थनवार कर्नाटक के बेंगलुरु में छिपा हुआ था, पुलिस ने उसका पता लगाया और उसे पकड़ लिया।
राजनीतिक परिवार से जुड़ा गजेंद्र नेताम पहले भी जा चुका है जेल

इस गिरोह में सबसे चौंकाने वाला नाम गजेंद्र नेताम (22 वर्ष) का है। वह छुरा नगर पंचायत के पार्षद देवीसिंह नेताम का बेटा है। पुलिस ने बताया कि गजेंद्र पहले भी मोबाइल चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। अब वह बाइक चोरी जैसे गिरोह में शामिल होकर वारदात करता था।
फिल्मी स्टाइल का चोर ‘कृष्णा शर्मा’

छुरा के संजय नगर निवासी कृष्ण शर्मा (21 वर्ष) ने फिल्मी अंदाज में बस चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार उसकी गतिविधियां इतनी प्रोफेशनल थी कि किसी को शक भी नहीं होता था। यह युवक गिरोह में शामिल होकर चोरी की बाइक को ठिकाने लगाने में भी भूमिका निभाता था।

इसी तरह गिरोह का एक आरोपी डिगेश बंजारे (32 वर्ष) है, जो फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के चरौदा का रहने वाला है। डिगेश चोरी की कई वारदातों में सक्रिय था, लेकिन उसका नाम सामने नहीं आया। लेकिन इस बार पुलिस ने सबूतों के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह में शामिल टीकम आडिल का कोई रिकॉर्ड नहीं

बताया गया कि गिरोह में शामिल टीकम आडिल (25 वर्ष) गादीकोट का रहने वाला है। उसका अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन जांच में पता चला कि वह भी इस नेटवर्क का हिस्सा है।
ऐसे पहुंची पुलिस गिरोह तक
पुलिस ने बताया कि 20 अप्रैल को पंडरीपानीडीह के टोमल साहू की स्पलेंडर बाइक और 17 मई को पीपरहट्टा निवासी घनश्याम साहू की प्लेटिना बाइक चोरी हुई थी। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तेजी से जांच शुरू की। पुलिस ने थनवार बंजारे के घर पर दबिश देकर चोरी की दो बाइक बरामद की। पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9 बाइक जब्त की, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख बताई जा रही है।
संगठित नेटवर्क छुरा से उड़ीसा तक फैला था
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य छुरा, पांडुका, फिंगेश्वर जैसे इलाकों से बाइक चोरी कर उड़ीसा के लखना समेत दूसरे इलाकों में छिपा देते थे। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह का नेटवर्क और भी बड़ा हो सकता है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/K3AMYy3Qr6y8Zw044nyFjW
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की 9 बाइक जब्त