प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, गैंती से किया ताबड़तोड़ हमला, दोनों गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति घर में सो रहा था, तभी पत्नी ने अपने प्रेमी को पिछले दरवाजे से बुलाकर गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद से प्रेमी फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, अकलतरा क्षेत्र के ग्राम कोटमीसोनार निवासी अमरनाथ केवट (37) मजदूरी करता था। उसकी पत्नी ईश्वरी केवट (32) का उसके परिचित युवराज केवट (34) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। हत्या वाले दिन यानी 27 जुलाई को युवराज मोटरसाइकिल से कोटमीसोनार पहुंचा। मोहल्ले वालों से छिपाने के लिए ईश्वरी ने उसे घर के पिछले हिस्से से अंदर बुला लिया। अमरनाथ कमरे में सो रहा था। प्रेमी-पत्नी ने मिलकर घर में रखे गैंती से अमरनाथ पर हमला कर दिया। खून से लथपथ अमरनाथ को उसके परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला ने कबूला जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध लगा। शक के आधार पर मृतक की पत्नी ईश्वरी केवट को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, पहले वह पुलिस को गुमराह करने लगी। जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवराज केवट को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया।
राजमिस्त्री का काम करता है आरोपी
पूछताछ में युवराज ने बताया कि वह मूल रूप से ग्राम रौनाकापा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली का निवासी है और राजमिस्त्री का काम करता है। वर्ष 2007 में वह अपनी मौसी के घर लगरा (सीपत) आया था, जहां उसकी मुलाकात ईश्वरी से हुई। तभी से दोनों में जान-पहचान हुई और बाद में प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। युवराज ने ईश्वरी से शादी करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। करीब एक साल पहले युवराज और ईश्वरी की फिर से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फिर से संपर्क शुरू हो गया।
बताया गया कि चार महीने पहले ईश्वरी अपने पति और दो बच्चों को छोड़कर युवराज के साथ रहने चली गई थी। हालांकि, पति के समझाने पर वह चार दिन पहले वापस लौट आई थी। इसके बाद दोनों ने योजना बनाकर अमरनाथ की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया गैंती बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd