शराब पार्टी के दौरान विवाद, नशे में धुत दो युवकों ने कर दी दोस्त की हत्या, चाकू से पेट पर किया वार, दोनों आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शराब के नशे में दो युवकों ने अपने दोस्त के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, करण सोनी (20 वर्ष), शिव कुमार बघेल (27 वर्ष) और आकाश कुर्रे, तीनों दोस्त अकलतरा के रहने वाले हैं। तीनों युवक मजदूरी करते हैं। बताया जा रहा है कि करण, शिव कुमार और आकाश ने ग्राम तरौद स्थित शराब भट्टी से शराब खरीदे और पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि करण और शिव ने आकाश को पकड़ लिया। करण ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के पेट में वार कर दिया।
आकाश खून से लथपथ था। घटना के बाद दोनों फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आकाश के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और पतासाजी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd