सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र, तोड़फोड़ और आगजनी; बच्चों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा तंत्र-मंत्र और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया। वारदात के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल है। मामले में शिक्षकों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।
एक सप्ताह पहले मिला था तंत्र-मंत्र का सामान
जानकारी के अनुसार केलाबाड़ी परिसर में प्राथमिक और मिडिल स्कूल संचालित होता है, जहां कक्षा पहली से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। करीब एक सप्ताह पूर्व स्कूल के क्लासरूम के बाहर लाल चुनरी, माला, गुलाल, गोबर-मिट्टी और कपड़े की गुड़िया रखकर तंत्र-मंत्र जैसे निशान बनाए गए थे। यही नहीं, कुछ कक्षाओं के अंदर भी इस प्रकार की सामग्री पाई गई। शिक्षकों ने इसकी शिकायत पहले भी पुलिस से की थी, लेकिन घटनाएं थमी नहीं।
अब टेबल-कुर्सी और दस्तावेजों में लगाई आग
ताजा घटना में असामाजिक तत्व स्कूल की बाउंड्री तोड़कर परिसर में घुसे। उन्होंने कई कक्षाओं के ताले तोड़े, टेबल-कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया और लाइब्रेरी में रखी किताबें व महत्वपूर्ण दस्तावेज जला दिए। क्लासरूम के पंखे और लाइटें तोड़ दी गईं, बिजली के बोर्ड क्षतिग्रस्त कर दिए गए और बोर का केबल भी जला दिया गया। चोरी की वारदात में पंखे और लाइटें भी ले जाने की बात सामने आई है।
बाउंड्री तोड़कर घुसते हैं बदमाश
लगातार हो रही घटनाओं से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छोटे बच्चों में डर का माहौल है, वहीं शिक्षक भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि बदमाश स्कूल की बाउंड्री तोड़कर छुट्टी के बाद परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। कई बार कक्षाओं के ताले तोड़कर फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया है। शिक्षिका शमा बेगम ने 16 फरवरी को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी प्राचार्य कक्ष के सामने तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि देने का मामला सामने आया था। इन घटनाओं ने अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस जांच में जुटी
पद्मनाभपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शिक्षकों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्कूल प्रबंधन में नाराजगी है। शिक्षकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्कूल परिसर में नियमित गश्त की मांग की है, ताकि बच्चों के बीच फैली दहशत को दूर किया जा सके और पढ़ाई का माहौल बहाल हो सके।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











