बहन की ननद के साथ युवक ने लगाई फांसी, एक ही फंदे पर झूलते मिले दोनों के शव, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक और युवती ने प्रेम प्रसंग के चलते एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों का शव आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बबूल के पेड़ पर फंदे से लटके मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

चुनरी को दो हिस्सों में बांटकर लगाया फंदा

जानकारी के अनुसार ग्राम सरगवां निवासी 23 वर्षीय किशन दास पिता सूबे दास तथा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रघुनाथपुर जूनापारा निवासी 20 वर्षीय अंजली दास ने एक ही चुनरी को दो हिस्सों में बांटकर फांसी का फंदा बनाकर झूल गए। सुबह ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटक रहे शवों पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल का दृश्य देखकर ग्रामीण भी सन्न रह गए।

परिजनों के अनुसार किशन दास की बहन बरखा दास की शादी वर्ष 2021 में रघुनाथपुर में हुई थी। अंजली दास, बरखा की ननद थी। इसी रिश्तेदारी के कारण किशन का बहन के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और मोबाइल फोन पर भी बातचीत करते थे। हालांकि परिजनों ने प्रेम संबंधों को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से मना किया है

रात में घर पर थे दोनों, सुबह मिली लाश

जानकारी के मुताबिक किशन दास पिछले करीब डेढ़ महीने से रघुनाथपुर क्षेत्र में रहकर काम कर रहा था। हालांकि वह बहन के घर में नहीं, बल्कि दूसरी जगह रह रहा था। सोमवार को वह अपने गृहग्राम सरगवां लौटा था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे तक किशन अपने घर में ही मौजूद था। वहीं अंजली भी रात में अपने घर पर थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि देर रात किशन अंजली को अपने साथ लेकर सरगवां पहुंचा और दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस जांच में अब तक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवती के पास से एक पुराना मोबाइल फोन मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। वहीं युवक का मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस अब दोनों के कॉल डिटेल, मोबाइल रिकॉर्ड और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button