बेटी से शादी की जिद में पिता पर जानलेवा हमला! दिनदहाड़े चाकू से गोदा, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एकतरफा प्रेम और शादी की जिद में एक युवक ने युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बिलासपुर के कुदुदंड क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मोहितदास मानिकपुरी (46 वर्ष) मूल रूप से कवर्धा जिले के ग्राम रांपा कुंडा के निवासी हैं। वे रोजी-मजदूरी के लिए बिलासपुर के कुदुदंड इलाके में किराए के मकान में रह रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे वे अपने घर के बाहर बाइक का प्लग साफ कर रहे थे। तभी आरोपी शाहिल मरावी वहां पहुंचा और बिना किसी विवाद के अचानक चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से मोहितदास घबरा गए और खुद को बचाने का प्रयास करते हुए आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन शाहिल मौके से फरार हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल मोहितदास को स्थानीय लोगों ने तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

शादी की जिद बनी हमले की वजह

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस को पता चला कि शाहिल मरावी, मोहितदास की पुत्री से विवाह करना चाहता था। इस प्रस्ताव का परिवार द्वारा विरोध किया जा रहा था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।

पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश और नाराजगी में आरोपी ने युवती के पिता को निशाना बनाकर हमला किया। घटना के बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखकर शाहिल भागने लगा, लेकिन भागते समय वह खुद ही गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट लग गई।

पुलिस ने घायल आरोपी को अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

मजाक से शुरू हुआ विवाद, युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, शरीर पर किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button