रील देखते-देखते चला गया मोबाइल का नेटवर्क… गुस्से में तोड़ा मोबाइल, कुछ देर बाद महिला मिली ऐसी हालत में कि मच गया हड़कंप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गई। रील देखते समय अचानक नेटवर्क चले जाने से नाराज महिला ने पहले गुस्से में अपना मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह कमरे में चली गई और खुद को अंदर बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब वह बाहर आई तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। जांच में कमरे से कीटनाशक का खाली डिब्बा मिलने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार केराकछार निवासी प्रेमलाल सारथी मजदूरी करता है। वह अपनी पत्नी मंगलो बाई और तीन बच्चों के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक मंगलो बाई को मोबाइल पर रील और सीरियल देखने की आदत थी। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाते हुए मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल का नेटवर्क चला गया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी नेटवर्क वापस नहीं आया और रील नहीं चली। इससे नाराज होकर उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल टूट गया।

मोबाइल पटकने के बाद कमरे में चली गई

मोबाइल टूटने के बाद मंगलो बाई कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह कमरे से बाहर आई और बरामदे में जाकर बैठ गई। कुछ देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।

शुरुआत में परिजनों को लगा कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई है। लेकिन उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ। परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वहां कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि मंगलो ने कीटनाशक पी लिया है।

कमरे में खाली डिब्बा मिला तो खुला मामला

स्थिति गंभीर होने पर परिजन तत्काल मदद के लिए जुटे। डायल-112 की सहायता से महिला को करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे संजीवनी एक्सप्रेस से कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में महिला का इलाज चल रहा था, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

अस्पताल ले जाने से पहले कराया उल्टी कराने का प्रयास

पुलिस को दिए बयान में मृतका के पति प्रेमलाल ने बताया कि गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते अस्पताल ले जाने से पहले मंगलो को उल्टी कराने के लिए गोबर का पानी भी पिलाया गया था। हालांकि उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि गुस्से या क्षणिक आवेश में उठाया गया कोई भी कदम कितना गंभीर परिणाम दे सकता है। परिवार के लिए मोबाइल पर रील देखने से शुरू हुआ एक सामान्य सा पल आखिर ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

मोबाइल ने छीन ली छात्रा की जिंदगी, रील देखने से मना किया तो उठाया खौफनाक कदम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button