कैदी के जन्मदिन पर जेल में ‘रील’, प्रेमी के जन्मदिन पर मिलने पहुंची युवती ने बनाया वीडिया, वायरल होते ही खोली सुरक्षा की पोल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर स्थित सेंट्रल जेल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में एक युवती जेल के मुलाकात कक्ष में बंद एक युवक से बातचीत करती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि युवक का नाम तारकेश्वर है, जो वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत बंद है।
प्रेमी के जन्मदिन पर मिलने पहुंची जेल
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले तारकेश्वर का जन्मदिन था। इसी मौके पर उसकी गर्लफ्रेंड उससे मुलाकात के लिए जेल पहुंची थी। आरोप है कि युवती ने न केवल जेल परिसर के बाहर बल्कि मुलाकात कक्ष के भीतर भी मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया।
वायरल वीडियो में युवती भावुक होते हुए कहती सुनाई दे रही है, “आज मेरे जान का जन्मदिन है, मैं उससे मिलने सेंट्रल जेल आई हूं। बहुत तकलीफ होती है कि वो मेरे साथ नहीं है, लेकिन आज मिलने आई हूं, देखती हूं उसका रिएक्शन कैसा होता है।”
इसके अलावा युवती ने एक और वीडियो अपलोड किया है, जिसमें फिल्म खुदा गवाह का मशहूर गाना ‘तू ना जा मेरे बादशाह’ एडिट कर लगाया गया है, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
सबसे अहम सवाल यह है कि जेल के मुलाकात कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद युवती मोबाइल लेकर अंदर कैसे पहुंची? यदि प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच की गई थी, तो मोबाइल कैसे बच गया? और यदि जांच नहीं हुई, तो यह जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। यह पहला मामला नहीं है जब रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी जेल परिसर से मोबाइल फोन, वीडियो और अन्य प्रतिबंधित सामग्री मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। कई बार कैदियों के भीतर से बनाए गए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











