गरियाबंद में सड़क पर युवकों से मारपीट कर लूटे मोबाइल, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद में सड़क पर दो युवकों को रोककर मारपीट करते हुए मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। तीन आरोपियों ने पहले गाली-गलौज कर दोनों दोस्तों की पिटाई की, फिर उन्हें जबरन गली में ले जाकर दो मोबाइल फोन लूट लिए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोचवाय निवासी तामेश्वर ध्रुव ने पुलिस को बताया कि 5 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त पनेश्वर यादव के साथ मोटरसाइकिल से कोकड़ी स्थित एक मोबाइल दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग कराने गया था। मोबाइल बनवाने के बाद दोनों युवक गरियाबंद की ओर लौट रहे थे।

रास्ते में हुई मारपीट

इसी दौरान पुलिस पेट्रोल पंप के पास तामेश्वर को उसके पिता का फोन आया, जिसके बाद उसने मोटरसाइकिल वापस गांव की ओर मोड़ दी। रास्ते में धाकेत ऑटो पार्ट्स दुकान के पास बाइक के साइड स्टैंड का स्प्रिंग निकल गया। दोनों युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर स्प्रिंग ढूंढ रहे थे, तभी डाकबंगला पारा निवासी फलेश्वर उर्फ ननचू अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंच गया।

आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर दोनों युवकों के साथ मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन साहू भवन की गली में ले जाकर फिर से जमकर पीटा और भय का माहौल बनाकर उनकी जेब में रखे मोबाइल फोन छीन लिए। पीड़ितों के अनुसार मौका पाकर दोनों किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकले और अपनी जान बचाई। दूसरे दिन दोनों युवक थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मारपीट कर मोबाइल की लूट

पीड़ित की रिपोर्ट पर गरियाबंद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल (27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राजेश साहनी और नंदू के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दो युवकों को अकेला देखकर लूट की नीयत से उनके साथ मारपीट की और एक रियलमी तथा एक पोको कंपनी का मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मोबाइल फोन बरामद कर जब्त कर लिए।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी फलेश्वर उर्फ ननचू बघेल और राजेश साहनी (23 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2 संतोषी मंदिर के पीछे गरियाबंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद में सड़क पर युवकों से मारपीट कर मोबाइल लूट, पीड़ितों ने किसी तरह भागकर बचाई जान, FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button