गरियाबंद ब्रेकिंग: 4 साल के मासूम को बाइक ने मारी टक्कर, फिर 1 किमी तक घसीटते ले गया, मौत, देखिए वीडियो

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :- गरियाबंद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बाइक की टक्कर से 4 साल का बच्चा लेग गार्ड में फंस गया। इधर बाइक सवार गाड़ी को रोकने के बजाय बच्चे को 1 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इससे मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अमलीपदर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को अमलीपदर के कूरलापारा में 4 साल का बच्चा रेयांश साहू अपने घर के बाहर सड़क के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अमरजीत नेताम (24 वर्ष) ने बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा लेग गार्ड में फंस गया। इधर आरोपी ने बाइक नहीं रोकी, बल्कि बाइक में फंसे हुए बच्चे को एक किलोमीटर दूर तक घसीटते हुए ले गया। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों के चिल्लाने के बाद भी बाइक सवार तब तक नहीं रुका, जब तक लहूलुहान होकर बच्चा गाड़ी से गिर नहीं गया। जानकारी मिलते ही परिजन दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। घटना की शिकायत बच्चे के पिता गौतम साहू ने थाने में की। साथ ही बच्चे को तत्काल इलाज के लिए ओडिशा के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमलीपदर पुलिस ने बताया कि बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मंगलवार को आरोपी अमरजीत नेताम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी बाइक सीडी डीलक्स सीजी 23 एल 3136 को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चे के सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई।
गरियाबंद ब्रेकिंगः बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, देखिए वीडियो











