दर्दनाक हादसा: कार ने 3 कांवड़ियों को कुचला, 2 दोस्तों की मौत, एक साथ दो अर्थियां देख ग्रामीणों की आंखें हुई नम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, जलाभिषेक करने जा रहे 3 कांवड़ियों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवकों का जत्था रुद्रेश्वर महादेव में जलाभिषेक करने जा रहा था। घटना धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव पर जल चढ़ाने के लिए कांवड़ियों का एक जत्था 3 अगस्त की रात 10.30 बजे पीपरछेड़ी से निकला था। जत्थे में सबसे आगे कन्हैया साहू (17), राहुल साहू (18) और मोक्ष साहू (17) चल रहे थे। करीब 800 मीटर पीछे हेमराज, हेमशंकर, मोहित, तोमेश्वर, पिंटू और दीनदयाल कांवर लेकर चल रहे थे। कांवड़िये गांव से निकलकर करीब 3 किमी दूर तेलीनसत्ती के तरसींवा मोड़ के पास पहुंचे थे। रात 11.30 बजे पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने आगे चल रहे 3 कांवड़ियों को कुचल दिया।
CCTV खंगाल रही पुलिस
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से मसीही अस्पताल लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने राहुल साहू और कन्हैया साहू को मृत घोषित कर दिया। मोक्ष साहू का इलाज जारी है। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच में जुट गई है।
जिगरी दोस्त थे दोनों मृतक
घटना की खबर मिलते ही पीपरछेड़ी गांव में मातम छा गया। सोमवार दोपहर दोनों के शवों के जुलूस एक-एक कर घरों से निकले। एक साथ दो अर्थियां देख ग्रामीणों की आंखें भर आईं। कांवड़ यात्रा में शामिल अन्य युवकों ने बताया कि मृतक कन्हैया और राहुल बचपन से ही जिगरी दोस्त थे। दोनों ने पिछले सत्र में 12वीं की परीक्षा पास की थी। कन्हैया कॉलेज में दाखिले की तैयारी कर रहा था। राहुल का आईटीआई मेघा में चयन हो गया था।
हादसे में घायल मोक्ष कुमार राहुल का चचेरा भाई है। वह अस्पताल में भर्ती है। बताया गया कि हर साल सावन के महीने में पीपरछेड़ी से कांवड़ियों का जत्था रुद्रेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने जाता है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CkhMZMO6zDG8IdQsfVBnJd