छुरा ब्रेकिंग: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिला की मौत, परिजनों में आक्रोश, डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज)  किशन सिन्हा :– छुरा से बड़ी खबर आ रही है, जहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में काफी आक्रोश है। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि अगर गर्भवती महिला को समय पर इलाज मिल जाता तो आज वह जिंदा होती।

बताया जा रहा है कि ग्राम खैरझिटी निवासी ममता गोंड (27 वर्ष) सात माह की गर्भवती थी। ममता अपने परिजनों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिलने से ममता और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई।

समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण महिला की मौत

परिजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह ममता को पेट में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई। तत्काल महतारी एक्सप्रेस 102 एंबुलेंस सेवा को फोन किया गया, लेकिन बार-बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। करीब दो घंटे तक परिजन इंतजार करते रहे। आखिरकार एंबुलेंस पहुंची और ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद ममता की हालत बिगड़ गई और समय पर इलाज नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई।

डॉक्टर डी.एस. निषाद

इस संबंध में सीएचसी के डॉक्टर डी.एस. निषाद से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना के समय वे ओपीडी में अन्य मरीजों का उपचार कर रहे थे। इमरजेंसी सूचना मिलते ही वे तत्काल वहां पहुंचे, लेकिन तब तक महिला मृत पाई गई।

जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

परिजनों का आरोप है कि ममता अस्पताल पहुंचने पर जीवित थी और सामान्य बातचीत कर रही थी, लेकिन आधे घंटे तक कोई डॉक्टर उसके इलाज के लिए नहीं आया। इस बीच उसकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने एंबुलेंस सेवा की देरी और स्वास्थ्य कर्मियों की उदासीनता को ममता की मौत का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल

इस घटना ने छुरा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर एंबुलेंस मिलती और अस्पताल में त्वरित इलाज होता, तो ममता की जान बचाई जा सकती थी। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि जब सरकार मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार में करोड़ों खर्च कर रही है, तब जमीनी स्तर पर ऐसी लापरवाही क्यों हो रही है?

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/ByoSNL9jFiJAghfKGiFAzm

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद ब्रेकिंग: ग्रामीणों ने जनपद पंचायत का किया घेराव, नव निर्वाचित सरपंच का चार्ज नहीं सौंपे जाने पर जताया विरोध, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Back to top button