धान खरीदी में बड़ा घोटाला उजागर: 28.52 लाख की हेराफेरी का आरोपी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाकर शासन को लगाया चूना
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। धान खरीदी के दौरान शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने करीब 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाकर शासन को 28.52 लाख की हेराफेरी किया। मामला बिलासपुर जिले के थाना मस्तुरी क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी जिला बिलासपुर द्वारा थाना मस्तुरी में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आवेदन में उल्लेख किया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025 के दौरान सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही (पंजीयन क्रमांक 687) के धान खरीदी केंद्र में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं।
28.52 लाख की हेराफेरी
जांच में सामने आया कि धान खरीदी केंद्र में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खुटे ने जानबूझकर 920 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी दर्शाते हुए कम्प्यूटर रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टियां कीं। संयुक्त जांच दल द्वारा जब भौतिक सत्यापन किया गया, तो समिति केंद्र में निर्धारित मात्रा से 920 क्विंटल धान कम पाया गया। उक्त धान की कीमत लगभग 28 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है, जो शासन को आर्थिक क्षति हुई है।
मामले में थाना मस्तुरी में आरोपी कांशी राम खुटे के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कांशी राम खुटे पिता अंजोरी खुटे (31 वर्ष) निवासी ग्राम एरमसाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य जिम्मेदारों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/Ihl8c6n3whwBoOjrVkYYRS











