गरियाबंद कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी 34 लोगों की समस्याएँ, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके ने जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए नागरिकों की समस्याएँ, मांगें और शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं। जनदर्शन में कुल 34 आवेदक पहुंचे, जिनमें से अधिकांश ने बीमा दावा, ऋण उपलब्धता, गांव का नाम परिवर्तन, पुलिया निर्माण, सोलर पंप सुधार, आर्थिक सहायता सहित दैनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का सीधा समाधान करना है, इसलिए किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए। जनदर्शन में ग्राम चौतरा के गजानंद साहू ने बीमा राशि प्रदान कराने का अनुरोध किया।
कलेक्टर ने बीमा प्रकरणों में विलंब न होने के निर्देश देते हुए संबंधित विभाग को तुरंत परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। ग्राम गदहीडीह से आए ग्रामवासियों ने अपने गांव के नाम परिवर्तन की मांग रखते हुए कहा कि लंबे समय से प्रस्ताव लंबित है। इस पर कलेक्टर ने राजस्व विभाग को आवश्यक औपचारिकताएँ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम सेम्हरा की मुक्ता बाई ने बैंक ऋण उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराया जाए और किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न होने दी जाए।
तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
ग्राम बोकरामुड़ा के ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण की मांग रखते हुए बताया कि आवागमन में लगातार परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने जनपद और संबंधित तकनीकी विभाग को स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत झखरापारा के लोचन यादव ने खराब सोलर पंप को सुधारने की मांग की। कलेक्टर ने ऊर्जा विभाग व जनपद पंचायत को शीघ्र मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। ग्राम चिखली के दिव्यांग भीष्म साहू ने आर्थिक सहायता की मांग की। कलेक्टर ने विभाग के अधिकारी को पात्रता परीक्षण कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में आने वाले सभी आवेदक उम्मीद लेकर आते हैं, इसलिए प्रत्येक मामले का निस्तारण संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











